World Laughter Day 2025: हंसी का त्योहार, जहां मुस्कान बनती है जिंदगी की सबसे बड़ी दवा
हर साल मई महीने के पहले रविवार को दुनियाभर में ‘वर्ल्ड लाफ्टर डे’ यानी ‘विश्व हंसी दिवस’ मनाया जाता है। इस दिन का मकसद है तनाव, चिंता और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच हंसी के महत्व को समझाना और लोगों को दिल खोलकर हंसने के लिए प्रेरित करना। 2025 में यह दिन 4 मई को मनाया जा रहा है।
मुंबई के डॉक्टर मदन काटारिया ने 1998 में इस दिन की शुरुआत की थी। उन्होंने ‘लाफ्टर योग’ की शुरुआत करते हुए इसे एक वैश्विक आंदोलन बना दिया, जिसमें बिना किसी मज़ाक या कॉमेडी के केवल हंसने को एक थेरेपी माना गया। वैज्ञानिक भी मानते हैं कि हंसना न केवल मानसिक तनाव कम करता है, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।
देश-विदेश में इस दिन को खास अंदाज़ में मनाया जाता है। पार्कों में लाफ्टर क्लब्स के सदस्य इकट्ठा होकर जोरदार ठहाके लगाते हैं, स्कूल-कॉलेजों में हंसी से जुड़े कार्यक्रम होते हैं और सोशल मीडिया पर भी हंसी के वीडियो वायरल होते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, एक मिनट की हंसी शरीर को उतना ही लाभ देती है जितना कि दस मिनट की एक्सरसाइज। हंसने से एंडॉर्फिन नामक हार्मोन रिलीज होता है, जिससे मन प्रसन्न रहता है और इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है।
इस लाफ्टर डे पर खुद से वादा करें कि ज़िंदगी की चुनौतियों में भी मुस्कान नहीं छूटेगी। क्योंकि, हंसी सिर्फ चेहरे पर नहीं होती, बल्कि दिल की गहराई से आती है और दूसरों के चेहरों पर भी रोशनी बिखेर देती है।