केदारनाथ यात्रा: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, तीर्थयात्रियों की सुविधा पर खास फोकस
चारधाम यात्रा के मुख्य केंद्र केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दौरा किया। बुधवार को वह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे और मंदिर परिसर, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, लंगर व्यवस्था, साफ-सफाई और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
आनंद बर्द्धन ने कहा कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन बेहद अहम हो गया है। उन्होंने पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा।
विशेष रूप से उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों की संख्या बढ़ाने, ठंड से बचाव के इंतजाम करने और जरूरतमंद यात्रियों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही लंगर संचालन करने वाले संगठनों से भी गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी बातचीत की और तीर्थयात्रियों के फीडबैक को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि श्रद्धालुओं को शुद्ध पानी, साफ शौचालय और ठहरने की उचित सुविधा दी जाए।