ऑस्कर विजेता जीन हैकमैन का निधन, भावुक हुए अनिल कपूर, कहा- यकीन नहीं होता
हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और ऑस्कर विजेता जीन हैकमैन, उनकी पत्नी और उनके कुत्ते को उनके न्यू मैक्सिको स्थित घर में मृत पाया गया. स्थानीय अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. अधिकारियों ने एक्टर की मौत कैसे हुई, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दुनिया भर के फैंस और फिल्म जगत ने एक्टर के निधन पर शोक जताया है. हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर के निधन पर शोक जताने वालों में बॉलीवुड स्टार अनिल कपूर भी शामिल हैं.
गुरुवार, 27 फरवरी को अनिल कपूर ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर दिवंगत दिग्गज की कई तस्वीरें साझा कीं और इसे एक इमोशनल नोट के साथ जोड़ा. अनिल कपूर ने नोट में लिखा है, ‘यकीन नहीं होता कि दुनिया में अब जीन हैकमैन नहीं रहे…’द फ्रेंच कनेक्शन’, ‘अनफॉरगिवेन’ और ‘द फर्म’ जैसी फिल्मों में उनके सरल अभिनय ने दुनिया को उनकी प्रतिभा का परिचय दिया. एक सच्चे लीजेंड जिनकी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी. उनकी आत्मा को शांति मिले.’
सांता फे काउंटी शेरिफ ऑफिस के प्रवक्ता डेनिस एविला ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे जब पुलिस अधिकारी उनके घर में गई तो उन्होंने हैकमैन (95 साल), उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा (63 साल) और उनका कुत्ता मृत अवस्था में थे.
वहीं, मीडिया को दिए गए एक बयान में काउंटी शेरिफ अडन मेंडोजा ने बताया, ‘हम पुष्टि कर सकते हैं कि जीन हैकमैन और उनकी पत्नी दोनों बुधवार को मृत पाए गए.’ शेरिफ मेंडोजा ने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई संकेत नहीं मिला है. उन्होंने मौत का कारण नहीं बताया और न ही यह बताया कि कपल की मौत कब हुई होगी.