Rishikesh: मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम बसों को दिखाई हरी झंडी, तीर्थयात्रियों ने चखा गढ़भोज का स्वाद
चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत के साथ उत्तराखंड के ऋषिकेश में भव्य आयोजन देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां से चारधाम के लिए रवाना होने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम स्थल पर यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष पारंपरिक गढ़वाली भोजन ‘गढ़भोज’ की व्यवस्था की गई थी। तीर्थयात्रियों ने झोला, जंगोरे की खीर, फाणू, भट्ट की चुरकानी, मंडुए की रोटी और अन्य पहाड़ी व्यंजनों का आनंद लिया। खाने के बाद यात्रियों ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और स्वाद का अनुभव यात्रा से पहले ही मिल गया।
मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस बार की चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हर जिले में हेल्प डेस्क, मेडिकल टीम, सुरक्षा बल और डिजिटल सूचना केंद्र बनाए गए हैं।
इसके अलावा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, जीपीएस मॉनिटरिंग से लैस बसें और रियल टाइम अपडेट देने वाले कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। सीएम ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराएं।
चारधाम की ओर रवाना हुई बसों के साथ ही उत्तराखंड की पवित्र यात्रा की शुरुआत हो गई है, जिसमें श्रद्धा, संस्कृति और आधुनिक सुविधा का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।