उत्तराखंड में सख्ती: अवैध पाक नागरिकों की होगी पहचान, सीएम धामी ने दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश
उत्तराखंड में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई हो।
बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सभी जिलों में सत्यापन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अमले को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द देश वापसी कराने को कहा गया है। सीएम ने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्य पुलिस विशेष अभियान चलाकर होटलों, रेंटल मकानों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग करेगी। साथ ही सीमावर्ती जिलों में चौकसी बढ़ाई जाएगी ताकि कोई अवांछित तत्व प्रवेश न कर सके। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है और यहां की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार राज्यवासियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।