UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री धामी ने ली सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर जानी समाधान की स्थिति
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य की जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सीएम हेल्पलाइन 1905 की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के समाधान की स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद किया और फीडबैक लिया। उन्होंने सीधा सवाल किया – “आपका काम हुआ कि नहीं?”
इस पहल को शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक में सभी विभागों को यह निर्देश दिए गए थे कि जन शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा में किया जाए। इस निर्देश की प्रभावशीलता परखने के लिए उन्होंने स्वयं शिकायतकर्ताओं से बात कर समाधान की स्थिति का जायजा लिया।
उत्तरकाशी की लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनकी पारिवारिक पेंशन से जुड़ी समस्या अब पूरी तरह सुलझ चुकी है। रुद्रप्रयाग के जगदंबा प्रसाद नौटियाल ने बताया कि उनका लंबित मेडिकल बिल भुगतान हो चुका है। वहीं नैनीताल निवासी बहादुर सिंह बिष्ट ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीपीएफ भुगतान समय पर हुआ है।
मुख्यमंत्री के इस सीधे संवाद से शिकायतकर्ताओं में संतोष और विश्वास की भावना देखी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से ही संभव हो पाया।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉलोअप कार्रवाई में भी वही संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाए जो शिकायत दर्ज करने के समय दिखाई जाती है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1905 केवल एक नंबर नहीं, बल्कि यह जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु है, जिसे पूरी ईमानदारी, सक्रियता और संवेदनशीलता से संचालित किया जाना चाहिए।