उत्तराखंड सरकार ने राज्य के स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ा और अनोखा कदम उठाया है। अब हर महीने के अंतिम शनिवार को प्रदेश भर के स्कूलों में ‘बैग फ्री डे’ मनाया जाएगा। इस फैसले की घोषणा करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बच्चों को किताबों के बोझ से थोड़ी राहत देने का वक्त है। देहरादून में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस पहल का मकसद बच्चों को तनावमुक्त वातावरण देना है, ताकि वे खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा के साथ-साथ खुश रहकर सीख सकें। इस दिन छात्रों को सिर्फ कॉपी-किताबें ही नहीं, बल्कि क्लासरूम के बाहर की दुनिया से जुड़ने का मौका मिलेगा।
बैग फ्री डे के दौरान स्कूलों में योग, खेल, संगीत, पेंटिंग, नैतिक शिक्षा, ड्रामा और कहानी सुनाने जैसी एक्टिविटीज़ करवाई जाएंगी। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि इस दिन बच्चों के साथ दोस्ताना और रचनात्मक माहौल बनाया जाए।
छात्रों और अभिभावकों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। कई अभिभावकों ने कहा कि यह बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक बेहतरीन पहल है। वहीं कुछ शिक्षकों ने इसे नई शिक्षा नीति की दिशा में सार्थक कदम बताया।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस छोटे से बदलाव से स्कूल जाने का अनुभव बच्चों के लिए अधिक आनंददायक बनेगा और वे पढ़ाई से और अधिक जुड़ाव महसूस करेंगे।