देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने खिलाड़ियों को नगद इनाम देने की घोषणा करते हुए 15 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इस संबंध में शासनादेश भी मंगलवार को जारी कर दिया गया। इस फैसले को प्रदेश में खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस बार इनामी राशि को दोगुना किया गया है, जो अब तक के राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में एक मिसाल बन चुकी है। उत्तराखंड की इनामी नीति अन्य राज्यों से अधिक आकर्षक है। स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि पूरे देश में सबसे अधिक है। करीब 240 खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और समूह प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीते हैं, जिन्हें इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने बीते सप्ताह यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा था, जिसे मुख्यमंत्री ने त्वरित रूप से मंजूरी देते हुए बजट की स्वीकृति प्रदान की। जल्द ही एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर सभी विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।
सिर्फ नकद इनाम ही नहीं, सरकार ने खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता देने की घोषणा की है। इससे खिलाड़ियों को दीर्घकालिक प्रोत्साहन मिलेगा और वे भविष्य के लिए आश्वस्त रहेंगे।
उत्तराखंड सरकार की यह पहल प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करेगी और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगी। इससे न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड खेलों में और अधिक प्रभावी प्रदर्शन कर सकेगा।