उत्तराखंड के औली में मौसम के ताजा अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों के प्रवेश पर सोमवार तक रोक लगा दी है। रविवार को भी भारी हिमपात और माणा में हिमस्खलन की घटनाओं के कारण प्रशासन ने सभी पर्यटकों को ज्योतिर्मठ में ही रोक दिया। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट के मद्देनजर, प्रशासन ने यह कदम उठाया है ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि सोमवार को भी खराब मौसम की आशंका जताई गई है, जिसके कारण औली में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक रहेगी। मंगलवार को मौसम सामान्य होने पर पर्यटकों को औली जाने की अनुमति दी जाएगी।
दून समेत सात जिलों में हल्की बारिश के आसार
प्रदेश के पर्वतीय जिलों में सोमवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और टिहरी जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई। जबकि, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में आकाशीय बिजली चमकने के साथ का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार तीन मार्च के बाद प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हुआ है। ऐसे में तीन मार्च के बाद प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा।