ठगी का जाल: कनाडा से गिफ्ट भेजने के नाम पर 18 लाख की ठगी, आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

ठगी का जाल: कनाडा से गिफ्ट भेजने के नाम पर 18 लाख की ठगी, आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

 

टिहरी (उत्तराखंड): टिहरी जनपद में एक महिला से कनाडा से गिफ्ट भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर साइबर ठग को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले का निवासी है, जिसे साइबर अपराध का गढ़ माना जाता है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला से सोशल मीडिया पर एक युवक ने संपर्क साधा और खुद को कनाडा निवासी बताया। कुछ दिन बाद आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर कहा कि उसने उसके लिए कीमती गिफ्ट भेजा है, जिसमें मोबाइल, लैपटॉप, ज्वेलरी और डॉलर शामिल हैं।

इसके बाद आरोपी के साथी बने फर्जी कस्टम अधिकारी ने महिला से कॉल कर गिफ्ट छुड़वाने के नाम पर अलग-अलग खाते में कई बार रकम ट्रांसफर करवाई। पीड़िता ने जब तक सच्चाई समझी, तब तक वह 18 लाख रुपये गंवा चुकी थी।

मामले की शिकायत साइबर सेल को दी गई। तकनीकी जांच और बैंक खातों की ट्रैकिंग के बाद पुलिस टीम ने झारखंड के जामताड़ा में दबिश दी और मुख्य आरोपी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने गैंग के साथ मिलकर इस तरह की ठगी करता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी बरामद की है।

टिहरी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में और भी आरोपियों की तलाश जारी है। साइबर अपराध से बचने के लिए लोगों को जागरूक रहने की अपील की गई है।