पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना का बड़ा युद्धाभ्यास
पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश है। वहीं, पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने एक बड़ा युद्धाभ्यास शुरू किया है। यह युद्धाभ्यास रणनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है, जिसमें वायुसेना के जांबाज पायलट पहाड़ी और मैदानी इलाकों में स्थित दुश्मन ठिकानों को निशाना बनाकर अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
वायुसेना के इस युद्धाभ्यास में मिराज 2000, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं। पायलट दिन और रात दोनों समय में मिशन को अंजाम दे रहे हैं। यह अभ्यास केवल वायु हमलों तक सीमित नहीं है, बल्कि एयर डिफेंस, इंटेलिजेंस सर्विलांस और कॉम्बैट सपोर्ट जैसे क्षेत्रों में भी भारतीय वायुसेना अपनी तैयारियों का प्रदर्शन कर रही है।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देना है कि भारत हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही, इस युद्धाभ्यास के जरिए वायुसेना अपने पायलटों की सटीकता, समन्वय और युद्ध क्षमताओं को भी परख रही है।
Aसरकारी सूत्रों के मुताबिक यह अभ्यास कई चरणों में किया जा रहा है और इसमें वास्तविक परिस्थितियों जैसे हालात बनाकर पायलटों की ट्रेनिंग की जा रही है। इसमें उच्च पर्वतीय क्षेत्र, घनी आबादी वाले इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में युद्धाभ्यास शामिल है।
भारत की यह सैन्य सक्रियता उस समय आई है जब सीमा पर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। ऐसे में यह संदेश साफ है कि भारत किसी भी हालात का सामना करने को पूरी तरह तैयार है — और दुश्मन अगर नजर उठाएगा, तो उसे करारा जवाब मिलेगा।