Jammu Kashmir: जम्मू में देर रात गूंजे धमाके, ब्लैकआउट और सायरनों से दहशत का माहौल
जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में मंगलवार देर रात अचानक धमाकों की तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों के चलते कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और ब्लैकआउट की स्थिति बना दी गई। साथ ही कई स्थानों पर सायरन बजाए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह धमाके जम्मू के अरनिया और आरएस पुरा सेक्टर के पास सुने गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे के आसपास पहले एक तेज धमाका हुआ, फिर कुछ मिनटों के अंतराल पर दो और आवाजें आईं। इसके तुरंत बाद इलाके की बिजली काट दी गई और सुरक्षा बल सक्रिय हो गए।
सेना और बीएसएफ ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाकों की वजह क्रॉस बॉर्डर फायरिंग थी या कोई आतंकी गतिविधि। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
इस घटना के बाद आम नागरिकों से घरों में ही रहने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की बात कही है।