Mussoorie News: कैंपटी फॉल से लौट रही कार में लगी आग, जीरो प्वाइंट के पास बड़ा हादसा टला
मसूरी से कैंपटी फॉल घूमकर लौट रहे पर्यटकों की कार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वाहन से अचानक धुंआ उठने लगा और देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। यह घटना दोपहर बाद मसूरी-देहरादून मार्ग पर स्थित जीरो प्वाइंट के पास हुई, जहां तेज़ आवाज़ और धुएं के बाद कार में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, कार सवार कुछ पर्यटक कैंपटी फॉल घूमने के बाद देहरादून लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जीरो प्वाइंट के समीप पहुँची, वाहन से हल्का धुंआ निकलने लगा। पहले तो यात्रियों को लगा कि कार ओवरहीट हो रही है, लेकिन कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं।
ड्राइवर की सूझबूझ से सभी सवारियों को तुरंत कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पूरी घटना की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद पर्यटन मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।
गौरतलब है कि मसूरी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ वाहनों की नियमित जांच और सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।