Rishikesh: बदरीनाथ से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस में लगी आग, 42 यात्रियों की समय रहते बची जान
ऋषिकेश लौट रहे तीर्थयात्रियों के एक दल की बस में गुरुवार रात उस समय आग लग गई जब बस भद्रकाली से ढालवाला की ओर मुड़ रही थी। बस में 42 यात्री सवार थे, लेकिन समय रहते पुलिस की सतर्कता और चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना रात करीब 8:05 बजे की है, जब बदरीनाथ से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही एक निजी कंपनी की बस (नंबर UK07 PA 7650) भद्रकाली क्षेत्र से ढालवाला की ओर जा रही थी। तभी अचानक बस के आगे बाएं टायर के ऊपर इंजन में धुआं उठने लगा। यह देख मौके पर मौजूद मुनिकीरेती ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तुरंत बस चालक को आग लगने की जानकारी दी और शोर मचाया।
बस चालक ने तत्काल हर्बल गार्डन के पास बस को रोका। इसके बाद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई।
गनीमत रही कि आग बस के इंजन तक ही सीमित रही और यात्रियों तक नहीं पहुंची। यदि यह आग कुछ मिनट और देर से पकड़ी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र की ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चालक की सतर्कता की चारों ओर सराहना हो रही है। सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस के जरिए गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।