ऊर्वशी रौतेला के बयान पर मचा बवाल, उर्वशी मंदिर को बताया ‘अपने नाम का’, श्रद्धालुओं में नाराज़गी
बॉलीवुड अभिनेत्री ऊर्वशी रौतेला एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने बदरीनाथ धाम के निकट स्थित उर्वशी मंदिर को लेकर ऐसा दावा किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया है। ऊर्वशी ने कहा कि यह मंदिर उनके नाम पर है और यह उनके लिए समर्पित है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालु इस मंदिर में उनके नाम पर मत्था टेकने आते हैं।
ऊर्वशी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। धार्मिक भावनाओं से जुड़ी इस बात को लेकर कई श्रद्धालु और स्थानीय लोग नाराज़ नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह मंदिर हिंदू धर्मशास्त्रों में वर्णित उर्वशी अप्सरा को समर्पित है, जो स्वर्ग की प्रसिद्ध अप्सराओं में एक मानी जाती हैं, न कि अभिनेत्री ऊर्वशी रौतेला को।
मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने भी अभिनेत्री के दावे पर हैरानी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसका अभिनेत्री से कोई संबंध नहीं है।
हालाँकि, अभिनेत्री की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई सफाई नहीं दी गई है, लेकिन विवाद बढ़ता देख उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही स्थिति को स्पष्ट किया जाएगा।
धार्मिक स्थलों को लेकर ऐसे बयान पहले भी विवादों में घिर चुके हैं। ऐसे में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए, किसी भी सार्वजनिक हस्ती को बयान देने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना बेहद ज़रूरी है।