उत्त्तराखंड: हिमस्खलन पर कांग्रेस ने जताई चिंता, आपदा प्रबंधन पर उठाए सवाल

कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन पर गहरी चिंता जताई है और प्रदेश सरकार के आपदा प्रबंधन तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने कहा कि, मौसम विभाग द्वारा तीन दिन पहले ही पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने और भारी बर्फबारी की चेतावनी दिए जाने के बावजूद प्रशासन और आपदा प्रबंधन प्रणाली ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने हिमस्खलन में दबे श्रमिकों के सकुशल निकाले जाने की कामना की और यह भी कहा कि इस घटना से यह साफ हो गया है कि आपदा प्रबंधन प्रणाली पूरी तरह से विफल हो चुकी है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि मौसम विभाग ने बर्फबारी और खराब मौसम को लेकर पहले ही चेतावनी दी थी, लेकिन प्रशासन ने श्रमिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह एक गंभीर चूक है, और इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। पार्टी ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि बर्फ में दबे श्रमिकों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य किए जाएं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह से नाकाम हो चुका है और इस पर तुरंत सुधार की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि माणा में हुई इस हिमस्खलन की घटना ने प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र की पोल खोल दी है, जो राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और श्रमिकों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है।