Uttarakhand News: पूर्व डीएफओ किशनचंद पर ईडी का शिकंजा, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल, अगली सुनवाई 23 मई को

देहरादून। पाखरो रेंज घोटाले में फंसे पूर्व प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) किशनचंद की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विजिलेंस और सीबीआई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी किशनचंद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में चार्जशीट दाखिल कर दी है। ईडी ने किशनचंद के अलावा उनकी पत्नी, एक स्टोन क्रशर कंपनी और एक फाउंडेशन के विरुद्ध भी विशेष धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया है।

यह चार्जशीट विशेष पीएमएलए कोर्ट में दाखिल की गई है, जहां इस मामले की अगली सुनवाई 23 मई को होगी। बताया गया है कि ईडी ने अपनी जांच में पाखरो रेंज से संबंधित अवैध पेड़ कटान और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कई लेन-देन का खुलासा किया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में पाखरो रेंज में हुए अवैध वृक्ष कटान और भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेंस ने किशनचंद सहित कई अन्य अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया था। विजिलेंस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में चार्जशीट भी दायर की थी।

इसके बाद सितंबर 2023 में हाईकोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई को सौंपने के निर्देश दिए। विजिलेंस ने जांच से संबंधित सभी दस्तावेज सीबीआई को हस्तांतरित कर दिए। सीबीआई ने अपनी जांच के बाद किशनचंद सहित पांच पूर्व व वर्तमान अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा चलाने की अनुमति शासन से मांगी थी।

अब ईडी की कार्रवाई के बाद यह मामला और अधिक गंभीर होता जा रहा है। लगातार तीन जांच एजेंसियों के निशाने पर आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि पाखरो रेंज घोटाले में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग हुई है, जिसकी परतें धीरे-धीरे खुलती जा रही हैं।