उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोमवार सुबह से मतदान जारी है। प्रदेश के 10 जिलों के 49 विकासखंडों में मतदाता “छोटी सरकार” चुनने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पहले चरण में जहां 68% मतदान हुआ था, वहीं दूसरे चरण में भी लोगों का उत्साह कम नहीं है। इस चरण में कुल 14,751 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
उत्तरकाशी में शांतिपूर्ण मतदान, सुरक्षा चाक-चौबंद
उत्तरकाशी जनपद के डुंडा, चिन्यालीसौड़ और भटवाड़ी विकासखंडों में कुल 337 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की हैं। सात जोनल और 28 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी परिस्थिति पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
पौड़ी में बारिश भी नहीं रोक सकी लोकतंत्र का उत्साह
पौड़ी जिले में हल्की बारिश के बावजूद मतदान प्रभावित नहीं हुआ है। सात ब्लॉकों में मतदाता सुबह से ही वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने सभी बूथों पर मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा बल सतर्क
राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने सभी संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। महिला और बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में लोकतांत्रिक भागीदारी निभा रहे हैं।
जागरूकता बढ़ी, भागीदारी मजबूत
मतदाता जागरूकता अभियानों का असर साफ नजर आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में अपने पसंदीदा प्रत्याशी के समर्थन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। प्रशासन को भरोसा है कि दूसरे चरण में भी वोटिंग प्रतिशत पहले चरण की तरह उत्साहजनक रहेगा। शांतिपूर्ण चुनाव संचालन के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।