पौड़ी जनपद के थलीसैंण ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटों से आए परिणामों ने रोमांचक मोड़ ले लिया है। यहां पर त्रिलोक चौधरी ने बेहद करीबी मुकाबले में अपने प्रतिद्वंदी बलवंत रावत को मात्र 6 मतों से हराकर ग्राम प्रधान पद पर जीत हासिल की है।
ग्राम पंचायत पाटों में कुल मतदाताओं की संख्या 316 थी, जिनमें से 211 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। त्रिलोक चौधरी को कुल 107 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी बलवंत रावत को 101 मत प्राप्त हुए। और 3 वोट निरस्त हुए।
बलवंत रावत जलोटिया गांव से ताल्लुक रखते हैं और चुनाव में एक मजबूत प्रत्याशी माने जा रहे थे। मगर अंतिम चरण तक चले मतगणना के बाद नतीजा बेहद करीबी रहा, और अंततः जीत त्रिलोक चौधरी की झोली में गई।
यह मुकाबला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा क्योंकि दोनों ही प्रत्याशी स्थानीय स्तर पर सक्रिय और प्रभावशाली माने जाते हैं। परिणाम आने तक ग्रामीणों की निगाहें मतगणना कक्ष की ओर टिकी रहीं। जैसे ही अंतिम परिणाम घोषित हुआ, त्रिलोक चौधरी के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
ग्राम पंचायत पाटों में यह चुनाव परिणाम बताता है कि ग्रामीण राजनीति में हर मत का विशेष महत्व होता है। एक-एक वोट किस्मत पलट सकता है और यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबी है।
चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और मतगणना के दौरान भी किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं देखी गई। प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए थे। ग्राम पंचायत पाटों से आए इस परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र की बुनियाद गांवों में है और वहां की राजनीति में भी हर वोट निर्णायक साबित हो सकता है।